Site icon CricIndiaNow

RR बनाम RCB: फिर गरजा सूर्यवंशी का बल्ला, विराट कोहली रह गए हक्का-बक्का

rr बनाम rcb

गुवाहाटी. एक बिहारी सब पर भारी। शुक्रवार 10 अप्रैल को हुए RR बनाम RCB मुकाबले में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का जलवा देखने को मिला। बारिश की वजह से देर से शुरू हुए मैच में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201/8 का ठोस स्कोर बनाया था। लेकिन 15 साल के सूर्यवंशी ने इस स्कोर को भी बच्चों का खेल बना दिया।

वैभव ने महज 26 गेंदों में 8 चौके व 7 गगनचुंबी छक्के लगाते हुए 78 रन बनाए। इस आईपीएल सीजन में यह उनकी दूसरी हाफ सेंचुरी थी। यही नहीं, महज चार पारियों में 200 रन बनाकर वे ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे पहुंच गए।

दूसरे ही ओवर में लगा था झटका, फिर गरजे सूर्यवंशी

RR बनाम RCB मैच में 202 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान टीम की शुरुआत तेज रही। इनिंग के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने चौका जड़ा। दूसरे ओवर में ओपनर यशस्वी जायसवाल ने जॉश हेजलवुड की गेंदों पर दो बेहतरीन छक्के जड़े। लेकिन उसी ओवर की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 8 गेंदों में 13 रन बनाए।

इसके बाद सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला। वैभव ने कुल 15 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 108 रन की पार्टनरशिप निभाई। फिर चाहे सामने हेजलवुड आए या भुवनेश्वर, सभी की गेंदों पर उन्होंने जमकर चौके-छक्के लगाए।

9वें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने सूर्यवंशी के तूफान को रोका। पंड्या की ऑफसाइड की ओर जाती गेंद पर स्वीप शॉट लगाते हुए वे विराट कोहली को कैच थमा बैठे। उनकी बल्लेबाजी देख विराट भी हैरान थे। कैच पकड़ने के बाद किंग कोहली ने भी चैन की सांस ली।

RR बनाम RCB में जुरेल ने भी दिखाया जलवा

पंड्या ने 9वें ओवर में राजस्थान को दोहरा झटका दिया। सूर्यवंशी को आउट करते ही अगली गेंद पर उन्होंने नए बल्लेबाज शिमरन हेटमेयर को शून्य के स्कोर पर पवैलियन भेजा। RR अभी जीत से 73 रन दूर था। यहां से मोर्चा कप्तान रियान पराग और जुरेल ने संभाला।

जुरेल ने 43 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्के लगाते हुए नाबाद 81 रन बनाए। कप्तान कुछ खास नहीं कर सके और महज 3 रन बनाकर 10वें ओवर में हेजलवुड का शिकार बने। उनके बाद क्रीज पर आए रवींद्र जडेजा ने जुरेल के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।

जडेजा ने जुरेल के साथ नाबाद 68 रन की नॉटआउट साझेदारी की। वे 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इस सीजन में यह राजस्थान की लगातार चौथी जीत रही। पॉइंट्स टेबल में वे अब टॉप पर हैं।

Exit mobile version