कोलकाता. केकेआर भले ही ‘बाजीगर’ शाहरुख खान की है, लेकिन हारी हुई बाजी जीतने का असली हुनर Mukul Choudhary LSG ने दिखाया। गुरुवार, 9 अप्रैल को ईडन गार्डेन में हुए IPL 2026 के LSG बनाम KKR ग्रुप मुकाबले में लखनऊ ने मेजबान को 3 विकेट से पराजित किया। इस जीत के हीरो रहे युवा सनसनी मुकुल चौधरी, जिन्होंने महज 27 गेंदों में जीत केकेआर के जबड़े से छीन ली।
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी के सामने 182 रन का टारगेट रखा था। जवाब में लखनऊ ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। बड़े स्कोर का पीछा करते हुए लखनऊ ने 14.4 ओवरों में 6 विकेट गंवा दिए थे। तब टीम का स्कोर कुल 125 रन था और उसे जीत के लिए 32 गेंदों में 57 रनों की दरकार थी। टीम के लगभग सभी बल्लेबाज विफल हो चुके थे। आयुष बडोनी एक छोर से मोर्चा संभाले थे, लेकिन 15वें ओवर में अनुकुल रॉय ने उन्हें आउट कर दिया।
अब मुकुल के साथ क्रीज पर दूसरे छोर पर सिर्फ गेंदबाज थे। लेकिन वे घबराए नहीं।
16वें ओवर ने बढ़ाई टेंशन
15वें ओवर में बडोनी का विकेट गिरने के बाद मुकुल थोड़े टेन्स लग रहे थे। 16वें ओवर में कुल 1 रन ही बन सका। यही नहीं, सुनील नरेन के उस कसे हुए ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद शमी भी अपना विकेट गंवा बैठे।
अब लखनऊ को 24 गेंदों में 54 रनों की जरूरत थी। इस स्टेज पर लगभग हर एक्सपर्ट का मानना था कि मैच कोलकाता की गिरफ्त में आ चुका है। लेकिन मुकुल के माइंड में एक अलग ही प्लान बन चुका था।
फिर मुकुल ने दिखाया धोनी सा जलवा
17वें ओवर की पहली दो गेंदों पर भी रन नहीं बना। वैभव अरोड़ा बहुत ध्यान से गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन ओवर की तीसरी गेंद पर मुकुल ने अपने गेम को एग्जीक्यूट कर दिया।
तीसरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा और अगली ही गेंद पर छक्का। पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर मुकुल ने 18वें ओवर में अपना स्ट्राइक पर रहना भी सुनिश्चित किया। उनकी स्टाइल को देखकर फैन्स को वर्ल्ड बेस्ट फिनिशर धोनी की याद आ गई। और क्यों नहीं? धोनी मुकुल के आइडल जो हैं।
अब मुकुल की स्ट्रैटेजी यही थी। या तो चौका/छक्का लगाओ या डॉट बॉल खेलो। और ओवर खत्म होने से पहले 1 रन जरूर लो। 18वें ओवर में उन्होंने दो दमदार छक्के जड़े। लेकिन मंजिल अब भी दूर थी। टीम को आखिरी दो ओवरों में 30 रनों की दरकार थी।
25 करोड़ के ग्रीन पर भारी पड़े 2.6 करोड़ के मुकुल
19वां ओवर डालने आए आईपीएल 2026 के सबसे महंगे गेंदबाज – कैमरन ग्रीन। इन्हें केकेआर ने 25.2 करोड़ में खरीदा था। वहीं मुकुल के लिए लखनऊ ने 2.6 करोड़ खर्च किए थे।
मुकुल ने ग्रीन के ओवर में तीन धुआंधार छक्के जड़े। इस ओवर ने मैच लगभग लखनऊ के पक्ष में मोड़ दिया। यही नहीं, ऐसा लग रहा था जैसे कुदरत भी लखनऊ की तरफ से खेल रही है। केकेआर पर आखिरी ओवर में ओवर-रेट पेनल्टी भी लग गई। इस कारण आखिरी ओवर में बाउंड्री पर फील्डिंग के लिए सिर्फ 4 फील्डर ही तैनात किए जा सकते थे।
कुछ ऐसा था फाइनल ओवर का ड्रामा
ओवर की पहली गेंद का सामना कर रहे थे आवेश खान। उन्होंने एक रन लेकर स्ट्राइक मुकुल को देने की अपनी ड्यूटी निभाई। मुकुल ने इस मौके को जाया नहीं किया। उन्होंने अगली ही गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वैयर लेग पर छक्का जड़ दिया।
गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने भी अच्छी वापसी करते हुए अगली दो गेंदें डॉट डालीं। अब लास्ट दो बॉलों पर 7 रन चाहिए थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर मुकुल ने धोनी स्टाइल में छक्का जड़ा। अब स्कोर बराबरी पर था। अरोड़ा ने आखिरी गेंद सही लेंथ पर डाली, लेकिन बैट्समैन रन दौड़ गए और जीत लखनऊ की हुई।
Mukul Choudhary LSG 27 गेंदों में 54 रन बनाकर नाबाद रहे। इस मैच विनिंग पारी में उन्होंने 2 चौके और 7 सनसनीखेज छक्के लगाए। इस बेहतरीन पारी के लिए वे प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
