India vs Sri Lanka 1st Test 2026: पहला टेस्ट 165 रन से जीती टीम इंडिया। श्रीलंका में दर्ज की लगातार छठवीं जीत।
गॉल. India vs Sri Lanka test series 2026 के पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने मेजबान को 165 रन से हराया। श्रीलंका में यह भारतीय टीम की लगातार छठवीं टेस्ट जीत रही। मैच में बेहतरीन सेंचुरी लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
श्रीलंका को चौथी इनिंग में 372 रन का टारगेट मिला था। मैच के चौथे दिन ही मेजबान के 3 विकेट गिर गए थे। अंतिम दिन उनकी पूरी टीम दूसरे सत्र में ही 206 रन पर सिमट गई। श्रीलंकाई बल्लेबाजी को ध्वस्त करने में युवा स्पिनर मानव सुथर का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने 55 रन देकर 6 विकेट झटके। पहली पारी में भी उन्होंने 4 विकेट चटकाए थे।
India vs Sri Lanka 1st Test 2026: मैच का पूरा हाल
भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए और श्रीलंका को 284 रन पर समेटकर 178 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत 193 रन पर ऑलआउट हुआ और श्रीलंका को 372 रन का लक्ष्य मिला। जवाब में श्रीलंकाई टीम 206 रन पर सिमट गई और भारत ने 165 रन से टेस्ट जीत लिया।

भारत की 165 रन की जीत के 4 बड़े हीरो
टीम इंडिया की इस जीत में चार खिलाड़ियों का खास रोल रहा। आइए, जानते हैं इस टेस्ट जीत के 4 सबसे बड़े हीरो के कारनामे डीटेल में –
पडिक्कल ने रखी जीत की नींव
टीम इंडिया पूरे 9 साल बाद श्रीलंका लौटी थी। इंग्लैंड टूर पर व्हाइट बॉल में मिली शिकस्त से टीम थोड़ी बैकफुट पर थी, लेकिन देवदत्त पडिक्कल ने अपने बल्ले से टीम के हौंसले बुलंद कर दिए। टीम में जगह पक्की करने में जुटे पडिक्कल ने श्रीलंका टूर को एक चुनौती की तरह लिया।
पहली इनिंग में ओपनर यशस्वी जायसवाल सस्ते में आउट हो गए थे। अब टीम को एक मजबूत शुरुआत देने का जिम्मा केएल राहुल और पडिक्कल पर था। पडिक्कल ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
उन्होंने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। देवदत्त पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ मिलकर 150 रनों की साझेदारी निभाई। लेकिन राहुल पारी के दौरान घायल हो गए और रिटायर्ड नॉटआउट पवेलियन लौट गए।
दूसरे छोर से बल्लेबाजों को टिकने में दिक्कत हो रही थी। लेकिन पडिक्कल डटे रहे। उन्होंने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रन बनाए। इस बेहतरीन शतक के दौरान उन्होंने 15 चौके और 1 छक्का भी जड़े।
पडिक्कल ने एक टेस्ट क्रिकेटर का टेम्प्रामेंट दिखाते हुए क्रीज पर 340 मिनट बिताए। उनकी इसी मेहनत के दम पर भारतीय टीम पहली पारी में 462 रन का बड़ा स्कोर बना सकी।
दूसरी पारी में भी पडिक्कल ने 44 रन बनाकर श्रीलंका के सामने बड़ी चुनौती रखने में अहम भूमिका निभाई।
केएल राहुल ने भी दिखाया दम
टीम इंडिया की इस जीत में ओपनर केएल राहुल के योगदान को कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान चोटिल होने के बावजूद 82 रन की जुझारू पारी खेली।
दूसरी पारी में भी राहुल ने महत्वपूर्ण 35 रन बनाए। उन्होंने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई।
सुथर की स्पिन में फंसी श्रीलंका
टीम इंडिया के लिए सबसे असरदार गेंदबाज रहे मानव सुथर। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में 7 विकेट झटकने वाले सुथर ने श्रीलंका में भी अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन का कमाल दिखाया। उन्होंने मैच में 131 रन देकर 10 विकेट झटके। 25 साल से कम की उम्र में विदेशी मैदान पर खेलते हुए 10 विकेट लेने वाले वे महज चौथे भारतीय गेंदबाज बने।
पहली पारी में सुथर ने श्रीलंका के ओपनर लाहिरु इगलागमगे और टॉप ऑर्डर बल्लेबाज दिनेश चंडीमल को सस्ते में आउट किया। उसके बाद उन्होंने पुछल्ले बल्लेबाजों को भी जल्दी-जल्दी पवेलियन की राह दिखाई।
सेकंड इनिंग में वे और भी ज्यादा घातक साबित हुए। पहले पांच विकेट सस्ते में गिरने के बाद श्रीलंका के सोनल दिनुषा क्रीज पर जम गए थे। वे फास्ट और स्पिन दोनों का अच्छे से सामना कर रहे थे। सुथर ने 76वें ओवर में उन्हें आउट कर टीम के लिए जीत की राह खोल दी।
उस एक ओवर में उन्होंने 3 विकेट लिए। सुथर के उस स्पेल के बाद श्रीलंकाई टीम की हार निश्चित हो गई। उन्होंने मैच में 10 विकेट चटकाए।
कम नहीं रहा ऋषभ पंत का कारनामा
टीम इंडिया ने पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी की। गेंदबाजों ने भी श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर समेटकर टीम को 178 रन की बढ़त दिलाई। लेकिन दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी बिखर गई।
ओपनर जायसवाल बिना खाता खोले आउट हुए। केएल राहुल (35) और पडिक्कल (44) ने टीम को संभाला। लेकिन टीम ने महज 111 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए। ऐसे में पंत ने टीम को मैच विनिंग स्कोर तक पहुंचाया।
पंत ने 69 गेंदों में 8 चौके व 2 छक्के लगाते हुए 66 रन बनाए। इस तेज पारी ने न सिर्फ भारतीय टीम को 193 रन के स्कोर तक पहुंचाया। बल्कि अपनी टीम के गेंदबाजों को श्रीलंकाई टीम को ऑलआउट करने के लिए पर्याप्त समय भी दिलाया।
अपनी इस फिफ्टी के दौरान उन्होंने टेस्ट मैचों में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।
श्रीलंका में लगाया जीत का छक्का
श्रीलंका में यह टीम इंडिया की लगातार छठवीं जीत रही। भारतीय टीम यहां अगस्त 2015 से लगातार अजेय है। इंडियन टीम की जीत का सिलसिला 20 अगस्त 2015 को कोलंबो से शुरू हुआ। तब टीम ने विराट कोहली की कप्तानी में 278 रन से जीत दर्ज की थी।
उस मैच में केएल राहुल ने सेंचुरी लगाई थी। वे प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे। 2015 में दो टेस्ट जीतने के बाद साल 2017 में भारतीय टीम ने श्रीलंका में 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली। कोहली की ही कप्तानी में वह सीरीज भारत ने 3-0 से जीती थी।
9 साल बाद 2026 में कप्तान शुभमन गिल ने उस जीत के पंच को छक्के में तब्दील किया। (Source: Cricinfo)
India vs Sri Lanka 2nd Test कब खेला जाएगा?
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई। सीरीज का अगला व अंतिम मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।




