CIN डेस्क. भारत की हरमनप्रीत कौर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में सेंचुरी लगाई। यह उनके वनडे करियर की 8वीं सेंचुरी रही। इस शतक के साथ उन्होंने मिताली राज को पीछे छोड़ दिया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि महिला वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी का रिकॉर्ड किसके नाम है?
इस सवाल का जवाब है – मेग लेनिंग। ऑस्ट्रेलिया की इस बल्लेबाज ने अपने वनडे करियर में 15 सेंचुरी लगाईं। वे नवंबर 2023 में इस वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हुई थीं।

लेनिंग ने अपने लगभग 12 साल के करियर में 103 वनडे मैच खेले। उनमें उन्होंने 53.51 के औसत से 4602 रन बनाए, जिसमें 15 सेंचुरी और 21 हाफ सेंचुरी शामिल रहीं।
कौन-सी बल्लेबाज तोड़ सकती है लेनिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड?
लेनिंग का यह विश्व कीर्तिमान टूट सकता है। भारत की कप्तान स्मृति मंधाना इसे तोड़ने से महज 1 शतक दूर हैं। मंधाना ने (26 अक्तूबर 2026 तक खेले) 122 वनडे मैचों में 14 सेंचुरी लगाई हैं। वो इस रिकॉर्ड को तोड़ने के सबसे करीब हैं, लेकिन वे अकेली नहीं हैं।
वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज ने भी वनडे में 14 सेंचुरी लगाई हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स और साउथ अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट भी इस रेस में आगे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने वनडे में 13-13 सेंचुरी लगाई हैं।
महिला वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाली टॉप बल्लेबाज ये रहीं –
- मेग लेनिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 15 सेंचुरी (रिटायर्ड)
- स्मृति मंधाना (इंडिया) – 14 सेंचुरी
- हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज) – 14
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 13
- लॉरा वॉल्वार्ड्ट (सा. अफ्रीका) – 13
- टैमी ब्यूमोंट (इंग्लैंड) – 12 (रिटायर्ड)
- नैट स्कीवर ब्रंट (इंग्लैंड) – 10
- स्टैफनी टेलर (वेस्टइंडीज) – 10
नोट – रिकॉर्ड के आंकड़े क्रिकइंफो से क्रॉस चेक किए गए हैं।
हरमनप्रीत कौर ने मिताली को छोड़ा पीछे
जिम्बाब्वे के खिलाफ 25 अक्तूबर 2026 को पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने वडोदरा में हुए वनडे में 126 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस सेंचुरी में 15 चौके लगाए। भारतीय टीम यह वनडे 121 रन से जीती।
कौर ने सेंचुरी लगाकर मिताली राज को पीछे छोड़ दिया। यह उनके करियर की 8वीं सेंचुरी थी। भारत के लिए सर्वाधिक वनडे शतक लगाने के रिकॉर्ड में वे दूसरे स्थान पर आ गईं। इस रिकॉर्ड में नंबर 1 पर मंधाना हैं।
भारत के लिए सर्वाधिक महिला वनडे सेंचुरी लगाने वाली बल्लेबाज ये रहीं –
- स्मृति मंधाना – 14
- हरमनप्रीत कौर – 8
- मिताली राज – 7
- प्रतिका रावल – 3
- पूनम राउत – 3
- जेमिमा रॉड्रिग्स – 3
महिला वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी न सही, इस रिकॉर्ड में अभी है नंबर 1 हैं मिताली राज
कौर शतक लगाने के मामले में जरूर आगे निकल गईं, लेकिन वनडे में सर्वाधिक रन बनाने में मिताली राज अभी भी नंबर 1 हैं। साल 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने वाली मिताली ने अपने करियर में 232 वनडे खेले। उन्होंने वनडे में 50.68 के औसत से 7805 रन बनाए।
महिला वनडे में 7000+ रन बनाने वाली वे इकलौती बल्लेबाज हैं। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर का नाम है, जिन्होंने 6396 रन बनाए हैं।
महिला वनडे क्रिकेट में सबसे लंबे करियर और सर्वाधिक वनडे खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी मिताली के नाम है। उन्होंने करियर का पहला वनडे 26 जून 1999 को खेला था और आखिरी 27 मार्च 2022 को। उनका करियर रिकॉर्ड 22 साल 274 दिन का रहा।
उन्होंने अपने करियर में सर्वाधिक 232 वनडे खेले। सर्वाधिक वनडे खेलने के रिकॉर्ड में दूसरे स्थान पर भारत की ही झूलन गोस्वामी का नाम है। उन्होंने अपने करियर में 204 वनडे खेले थे।
महिला वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाली टॉप बल्लेबाज ये रहीं-
- मिताली राज (इंडिया) – 7805 रन
- स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) – 6396
- शार्लेट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) – 5992
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 5982
- लॉरा वोल्वार्ड्ट (द अफ्रीका) – 5695
- स्मृति मंधाना (इंडिया) – 5443
भारत के लिए सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज ये रहीं-
- मिताली राज – 7805
- मंधाना – 5443
- हरमनप्रीत कौर – 4667
- दीप्ति शर्मा – 2877
- अंजुम चोपड़ा – 2856



