Shreyas Iyer 102 runs record: लखनऊ. नवाबों के शहर में 6 अक्तूबर 2026 की शाम धमाकेदार रही। India vs WI 1st T20i में टीम इंडिया ने मेहमान वेस्ट इंडीज को 8 विकेट से हराया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच विनिंग 102* रन की पारी खेली। सरपंच के नाम से मशहूर अय्यर टी20 इंटरनेशनल में सेंचुरी लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने।
मैच में मेजबान टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्ट इंडीज ने कप्तान शाई होप (52 रन) और शेरफेन रदरफर्ड (56) की हाफ सेंचुरीज की मदद से 171 रन बनाए। जवाब में इंडिया ने 172 रन का टारगेट 14.4 ओवरों में हासिल कर लिया। कप्तान अय्यर ने मैच विनिंग 102 रन की नाबाद पारी खेली।
सरपंच अय्यर की खास क्लब में एंट्री
श्रेयस अय्यर टी20 इंटरनेशनल में सेंचुरी लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ रोहित शर्मा (3) और सूर्यकुमार यादव ने किया था। T20i में टीम इंडिया की कमान 15 खिलाड़ी संभाल चुके हैं, लेकिन सेंचुरी सिर्फ तीन ही लगा सके हैं।
इस खास क्लब में विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी जैसे धाकड़ कप्तान भी जगह नहीं बना सके। कोहली का हाई स्कोर 94* रन का रहा, वहीं धोनी का हाई स्कोर 48* रन।
ओवरऑल आंकड़ों की बात करें तो क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में सिर्फ 15 भारतीय बल्लेबाज शतक लगा सके हैं। अय्यर इस सेंचुरी के साथ 15वें इंडियन भी बने।
बतौर भारतीय कप्तान सेंचुरी इनिंग्स
- रोहित शर्मा – 121* रन – बनाम अफगानिस्तान – 17 जनवरी 2024
- रोहित शर्मा – 118 – बनाम श्रीलंका – 22 दिसंबर 2017
- रोहित शर्मा – 111* – बनाम वेस्ट इंडीज – 6 नवंबर 2018
- श्रेयस अय्यर – 102* – बनाम वेस्ट इंडीज – 6 अक्तूबर 2026
- सूर्यकुमार यादव – 100 – बनाम साउथ अफ्रीका – 14 दिसंबर 2023
लखनऊ के एकाना स्टेडियम में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी थी। अभिषेक शर्मा ने कुल 10 गेंदों में 21 रन बना लिए थे। लेकिन तीसरे ओवर में वे रॉस्टन चेज के हाथों आउट हो गए। अगले ही ओवर में दूसरे ओपनर संजू सैमसन भी कुल 11 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए थे।
सैमसन का विकेट गिरने के बाद कप्तान अय्यर क्रीज पर आए। उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के मध्य 137 रन की नाबाद साझेदारी हुई।
…तो 84 रन पर आउट हो जाते सरपंच साहब!
वेस्ट इंडीज के खिलाफ पहले टी20 में अय्यर ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी फिफ्टी 28 गेंदों में पूरी की। वे लगभग हर ओवर में लगातार गेंदों पर बाउंड्री लगा रहे थे। लेकिन 14वें ओवर में उनसे एक गलती हुई।
मैथ्यू फोर्ड की बॉल पर उन्होंने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेला। गेंद सीधे शमार जोसेफ की तरफ गई, लेकिन उनके हाथ से कैच छूट गया। अगर जोसेफ वह कैच लपक लेते तो टीम इंडिया तो मैच जीत जाती, लेकिन अय्यर सेंचुरी से चूक जाते।
अय्यर ने कुल 43 गेंदों में 10 चौके और 6 छक्के लगाते हुए नाबाद 102 रन बनाए।
Shreyas Iyer के लिए खास रहा है लखनऊ
लखनऊ का एकाना स्टेडियम श्रेयस अय्यर के लिए खास रहा है। टी20 में इस मैदान पर यह उनकी दूसरी सेंचुरी थी। इससे पहले 23 मई 2026 को हुए IPL मुकाबले में उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 101* रन बनाए थे।
इस मैदान पर उनका औसत 335 का है। यहां खेले पांच मैचों में अय्यर ने 2 सेंचुरी और 2 हाफ सेंचुरी समेत 335 रन बनाए। यहां पहला मुकाबला अय्यर ने 24 फरवरी 2022 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उस मैच में वे 57 रन बनाकर नॉटआउट रहे थे।



