Why India is Losing T20 Series? सिलेक्टर्स के 4 Shocking फैसले

लंदन. एक और सीरीज टीम इंडिया हार गई। 2026 टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम लगातार दो टी20 सीरीज हार गई। ऐसा लग रहा था कि पहले दो मैच हारने के बाद हमारी टीम थोड़ा फाइट-बैक दिखाएगी। लेकिन ऐसा हो न सका। 125 रन से मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया चौथा टी20 9 विकेट से हार गई। सभी के मन में एक सवाल है – Why India is losing T20 series?

India के इंग्लैंड और आयरलैंड टूर पर खेले गए मैच

  • 26 जून 2026 – बनाम आयरलैंड – 34 रन से हार
  • 28 जून 2026 – बनाम आयरलैंड – 1 रन से हार
  • 1 जुलाई 2026 – बनाम इंग्लैंड – कोई नतीजा नहीं
  • 4 जुलाई 2026 – बनाम इंग्लैंड – 4 विकेट से हार
  • 7 जुलाई 2026 – बनाम इंग्लैंड – 125 रन से हार
  • 9 जुलाई 2026 – बनाम इंग्लैंड – 9 विकेट से हार
  • सीरीज का आखिरी मैच 11 जुलाई 2026 को खेला जाएगा।

इंग्लैंड और आयरलैंड टूर पर गई टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप से थोड़ी अलग है। कप्तान बदला हुआ है, गेंदबाज नए हैं और बल्लेबाजी में भी कुछ नए चेहरे शामिल हैं। लेकिन टीम इतनी भी नई नहीं है कि आयरलैंड जैसी टीम से लगातार दो मैच हार जाए। फिर कहां गलती हो रही है? शायद सेलेक्टर्स और टीम प्रबंधन प्लेयिंग इलेवन चुनने में गलती कर रहे हैं

कारण नंबर 1 – अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में लगभग वही चेहरे हैं जो कि टी20 वर्ल्ड कप में थे। अभिषेक शर्मा ने इसी साल आईपीएल में 1 सेंचुरी समेत 563 रन बनाए। लेकिन शायद वे आईपीएल के सुरूर से निकल नहीं सके। उन्हें लगा कि इंग्लैंड की पिचें भी आईपीएल पिचों जैसी आसान हैं, लेकिन ऐसा हो न सका।

इंग्लैंड और आयरलैंड टूर पर उन्होंने 6 पारियों में कुल एक बार पचासा लगाया। चेस्टर ली स्ट्रीट (59), बेलफास्ट में हुए पहले टी20 (49) और मैनचेस्टर (43) के अलावा उनका बल्ला शांत ही रहा।

उन्होंने वही गलतियां कर दीं जो कि उन्होंने इसी साल टी20 वर्ल्ड कप में की थीं। जी हां, अभिषेक उस टूर्नामेंट में बुरी तरह फ्लॉप रहे थे। उन्होंने 8 पारियों में 17.62 के औसत से कुल 141 रन बनाए थे। यही नहीं, पहले तीन मैचों में वे 0 पर आउट हुए थे। ये था घरेलू मैदानों पर हाल। कहीं वह टूर्नामेंट इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया में होता तो आंकड़े शायद और भी खराब होते।

इससे भी ज्यादा निराशाजनक था उनके आउट होने का अंदाज। टी20 वर्ल्ड कप में वे 8 में से पांच बार स्पिनर के हाथों आउट हुए। उनका शॉट सिलेक्शन इतना खराब रहा कि 6 बार वे फील्डर्स को कैच थमा बैठे। अभिषेक ने अपने करियर में खेले 52 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 11 हाफ सेंचुरी लगाई हैं। इनमें से कुल 3 वे विदेशी मैदानों पर आई हैं।

यदि सिलेक्टर्स ने आईपीएल का प्रदर्शन देखकर ही अभिषेक को सिलेक्ट किया तो ऐसे में केएल राहुल, शुभमन गिल और बी साईं सुदर्शन जैसे बल्लेबाजों को सिलेक्ट कर सकते थे। क्रिकेटरों को आराम करवाने के चक्कर में सिलेक्टर टीम की किरकिरी करवा बैठे। यह शायद इस सवाल – Why India is losing T20 series? – का पहला जवाब है।

Why India is losing T20 series: कारण नंबर 2 – संजू सैमसन को बैठाना

आयरलैंड और इंग्लैंड टूर पर फैन्स को सबसे ज्यादा एक्साइटमेंट एक ही खिलाड़ी के लिए था – वैभव सूर्यवंशी। सभी को इंतजार था कि कब यह टीनेज सनसनी इंटरनेशनल डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ेगा।
आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों में उन्हें मौका नहीं मिला, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ जब दूसरा टी20 हम हारे तो मैनेजमेंट को उन्हें खेलाना ही पड़ा। लेकिन अब दुविधा थी कि बाहर बैठेगा कौन? जो जवाब आया उसने सभी को शॉक कर दिया – संजू सैमसन

टीम के कोच गौतम गंभीर ने टी20 वर्ल्ड कप में फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा को तो खेलाया, लेकिन सैमसन को प्लेयिंग इलेवन से बाहर कर दिया। ये वही सैमसन थे जिन्होंने इसी साल टी20 वर्ल्ड कप में इंडिया के लिए सर्वाधिक रन बनाए थे।

सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले कुल 5 मैचों में 80.25 के औसत से 321 रन बनाए थे। यही नहीं, उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार 97*, 89 और 89 रन की पारियां खेली थीं। लेकिन इंग्लैंड पहुंचते ही वे टीम के सबसे कमजोर खिलाड़ी बन गए? और अब सब पूछते हैं कि भारत लगातार टी20 सीरीज क्यों हार रहा है?

ये वही संजू सैमसन हैं जिन्होंने साल 2024 के साउथ अफ्रीका टूर पर टी20 में दो सेंचुरी लगाई थीं। इतने बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद सिलेक्टर्स ने उन्हें आगामी जिम्बाब्वे टूर के लिए टीम से भी बाहर कर दिया। लगातार हार के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या चयनकर्ताओं को कुछ अलग कॉम्बिनेशन आजमाना चाहिए था।

कारण नंबर 3 – अर्शदीप सिंह

सिलेक्टर्स का अर्शदीप सिंह के प्रति लगाव समझ से परे है। अगर सिलेक्शन का आधार आईपीएल प्रदर्शन था तो भी अर्शदीप भारत की टी20 रणनीति में सटीक नहीं बैठते। आईपीएल 2026 में उन्होंने 14 मैचों में कुल 14 विकेट लिए। उनका औसत 38.64 का रहा। पूरे टूर्नामेंट में 10+ विकेट लेने वाले गेंदबाजों में यह सबसे ज्यादा औसत था।

ऐसा नहीं है कि अर्शदीप विदेशी मैदानों से परिचित नहीं है। उनके पास 90 टी20I खेलने का अनुभव है। यही नहीं, विदेशी मैदानों पर उनका औसत (17.95) करियर एवरेज (19.86) से बेहतर रहा है। हालांकि, ओवरऑल करियर की बात करें तो वे एक मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं।

इस साल टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 8 मैचों में कुल 9 विकेट झटके। साल 2026 में उनका बेस्ट प्रदर्शन 31 जनवरी 2026 को देखने को मिला था। तब न्यूजीलैंड के खिलाफ थिरुवनंथपुरम में उन्होंने 5 विकेट झटके थे। हालांकि, उन्हें लेने के लिए अर्शदीप ने 4 ओवरों में 51 रन खर्च किए थे।

पूरे साल खेले 18 मैचों में कुल 7 मौकों पर उनका इकॉनमी रेट 10 से कम का रहा। इंग्लैंड टूर पर टीम इंडिया को सबसे ज्यादा नुकसान महंगी गेंदबाजी ने ही पहुंचाया।

कारण 4 – क्यों नहीं खेल रहे भुवनेश्वर कुमार?

क्या ये बीसीसीआई या आईसीसी के नियमों में लिखा है कि 36+ उम्र का गेंदबाज टीम में वापसी नहीं कर सकता? भुवनेश्वर कुमार के साथ हो रहे व्यवहार को देखकर लगता है कि शायद सच में कोई ऐसा नियम है।

आईपीएल 2026 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड टूर पर नहीं ले जाया गया। भुवी ने इस साल आईपीएल में 16 मैचों में 17.89 के एवरेज से 28 विकेट झटके। ऑरेंज कैप जीतने की रेस में वे महज 1 विकेट से पीछे रह गए।

जिस खिलाड़ी ने अपनी टीम (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) को चैंपियन बनाया, उसी को टीम में सिलेक्ट करने में सिलेक्टर्स उम्र की दलीलें देते रह गए। एक बार जरा उस टीम की तरफ भी देख लेते जिसके घर सीरीज खेलने गए थे। इंग्लैंड के वेटरन गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने 41 की उम्र में संन्यास का एलान किया था।

एंडरसन ने खेल के छोटे फॉर्मेट्स से खुद ही दूरी बनाई थी। यह सच है, लेकिन उन्हें सेलेक्टर्स ने यह नहीं कहा होगा कि अब आपकी उम्र हो गई है, अब आप टीम में नहीं रह सकते। लेकिन भुवी को बेहतरीन फिटनेस के बावजूद उम्रदराज घोषित कर दिया गया है।

सिलेक्टर्स को भुवनेश्वर कुमार को मौका जरूर देना चाहिए था। भुवी ने लास्ट इंटरनेशनल मैच नवंबर 2022 में खेला था। उसी साल उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का बेस्ट परफॉर्मेंस (5/4) भी दिया था। सेलेक्टर्स उन्हें एक सीनियर गेंदबाज के तौर पर साथ ले जा सकते थे, लेकिन ऐसा हो न सका। इन-फॉर्म गेंदबाज को बाहर रखना और फिर पूछना – Why India is losing T20 series? ये कुछ हजम नहीं होता।

वनडे सीरीज से लौटेगा जीत का दौर?

इस टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे भी खेलेगी। वनडे के लिए टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे नाम शामिल हैं। उस सीरीज में कप्तानी एक बार फिर शुभमन गिल के हाथ में होगी, जिन्हें टी20 मैचों के लिए आराम दिया गया था।

कोहली का खेलना तय नहीं है। उन्हें टीम में शामिल होने के लिए फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। स्पिनर्स में भी कुलदीप यादव की वापसी होगी। फैन्स को उम्मीद है कि वनडे की कहानी टी20 से अलग होगी।

Monika Srivastava
Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Articles: 143