India vs NZ 2nd T20i: 70/5 थी टीम इंडिया, Tilak Varma ने 26 गेंदों में पलटा मैच

क्राइस्टचर्च. क्या सिर्फ एक खिलाड़ी मैच पलट सकता है? India vs NZ 2nd T20i मैच में यह बात साबित हो गई। 11वां ओवर खत्म होने से पहले आधी टीम पवैलियन लौट चुकी थी। लेकिन Tilak Varma ने बेहतरीन पारी खेल मैच का रुख पलट दिया। और टीम इंडिया हारा हुआ मैच 4 विकेट से जीत गई।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारत को 181 रन का टारगेट मिला था। यह मैदान तो वही था, लेकिन पिच पहले मुकाबले से बिल्कुल अलग थी। यहां रन बनाना बहुत मुश्किल था। भारत की बल्लेबाजी के दौरान कीवी गेंदबाज मिचेल सेंटनर ने एक के बाद एक मुश्किलें खड़ी कीं। 10.5 ओवर तक इंडिया का स्कोर 70/5 रन था। लेकिन तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन की पारी खेल टीम की नैय्या पार लगा दी।

फिलिप-जैकब के दम पर न्यूजीलैंड ने दिया था 181 का टारगेट

यह पिच पहले मैच के मुकाबले अलग थी। न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में इसकी झलक साफ देखी जा सकती थी। महज दूसरे ही ओवर में टिम साइफर्ट और तीसरे ओवर में डैरिल मिचेल 7 और 6 रन बनाकर आउट हो गए थे।

छठवें ओवर में फिन एलेन भी 16 रन बनाकर आउट हो चुके थे। ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने मिलकर कीवी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई। फिलिप्स ने 4 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 70 रन की पारी खेली। वहीं जैकब्स ने 58 रन बनाए।

इन पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में 180/5 का स्कोर बनाया।

बुरी तरह फ्लॉप हुए थे टॉप 5 बल्लेबाज

Team India के लिए 181 रन का लक्ष्य आसान नहीं था। पिच गेंदबाजों के लिए मददगार थी। पहले ओवर में एक भी रन न बन सका। लेकिन फिर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शॉट्स खेलने शुरू किए। 4.4 ओवरों तक इंडिया ने 40 रन बना लिए थे, लेकिन फिर विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया।

पहले सैमसन कुल 14 रन बनाकर जेकब डफी के हाथों आउट हुए। उनके बाद टीनेज सनसनी वैभव सूर्यवंशी महज 4 रन बनाकर नेथन स्मिथ का शिकार बने। अभी टीम का स्कोर 56 रन ही पहुंचा था कि 9वें ओवर की चौथी गेंद पर अभिषेक (27 रन) भी अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें मिचेल सेंटनर ने चलता किया।

टीम मुश्किल में थी। सभी की निगाहें कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल की जोड़ी पर थीं। लेकिन सेंटनर ने इन दोनों को सस्ते में आउट कर दिया। अब टीम का स्कोर 10.5 ओवरों में 70/5 का था।

तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में पलटा मैच का रुख

11वें ओवर तक 5 विकेट गिर चुके थे और बोर्ड पर सिर्फ 70 रन थे। टीम जीत से 111 रन दूर थी। ऐसे में तिलक वर्मा ने नमन धीर के साथ रन जोड़ना शुरू किया।

दोनों बल्लेबाजों ने छठवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े। तिलक कमजोर गेंदों को बाउंड्री पार पहुंचा रहे थे। वहीं नमन अटैकिंग मोड में थे। उन्होंने कुल 17 गेंदों में 3 छक्के और 1 चौका लगाते हुए 31 रन बनाए।

15वें ओवर में सेंटनर ने नमन को आउट कर दिया। लेकिन तिलक एक छोर से मोर्चा संभाले रहे। उन्होंने नीतीश रेड्डी के साथ साझेदारी जमाई। तिलक ने कुल 26 गेंदों में 6 चौकों व 1 छक्के से सजी 51 रन की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। रेड्डी ने भी 13 गेंदों में 26 रन बनाए।

India vs NZ 2nd T20i: कुछ ऐसे रहे लास्ट 2 ओवर

टीम इंडिया को अंतिम दो ओवरों में 29 रनों की दरकार थी। 19वां ओवर डालने आए मध्यम तेज गेंदबाज नेथन स्मिथ। उन्होंने पहले दो ओवरों में कुल 16 रन दिए थे। साथ ही सूर्यवंशी का विकेट झटका था।

19वें ओवर की पहली दो गेंदों पर तिलक वर्मा ने लगातार दो चौके लगाए। लेकिन तीसरी गेंद पर कोई रन न बन सका। अब 9 गेंदों में 21 रनों की जरूरत थी।

Tilak Varma

तिलक ने चौथी गेंद पर चौका लगाया तो स्मिथ ने पांचवीं गेंद बेहतरीन यॉर्कर डाली (जिस पर कोई रन न बन सका)। लेकिन 2 डॉट गेंदों की कसर तिलक ने लास्ट गेंद पर छक्का लगाकर कर दी। उस एक ओवर में 18 रन बने।

अब 6 गेंदों में 11 रन बनाने थे। लास्ट ओवर डालने आए जेकब डफी। पहली गेंद पर रेड्डी ने सिंगल लेकर स्ट्राइक फिर से तिलक के हाथ में दे दी। उन्होंने मौका नहीं गंवाया और अगली ही गेंद पर चौका जड़ दिया।

अगली दो गेंदों पर कुल 3 रन बने। अब जीत बेहद करीब थी। घबराहट में डफी ने पांचवीं गेंद वाइड डाल दी। अगली एक्सट्रा गेंद पर नीतीश ने 2 रन लिए और टीम इंडिया 4 विकेट से जीत गई।

अपनी बेहतरीन मैच विनिंग हाफ सेंचुरी के लिए तिलक वर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। 5 मैचों की सीरीज में इंडिया 2-0 से आगे है। अगला मैच 27 अक्तूबर को खेला जाएगा।

Follow On WhatsApp

Monika Srivastava
Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Articles: 161

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *