चंडीगढ़. इस सीजन लग रहा है कि पंजाब टीम वाकई किंग्स की तरह खेल रही है। आईपीएल के पिछले सीजन की रनर-अप पंजाब किंग्स इस सीजन में अभी तक (29वें मैच की समाप्ति तक) अजेय है। रविवार 19 अप्रैल को हुए Punjab बनाम Lucknow 2026 मैच में मेजबान टीम ने लखनऊ को 54 रन से हराया। 93 रन की सनसनीखेज पारी खेलने वाले युवा बैट्समैन प्रियांश आर्य इस जीत के हीरो रहे।
महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। मोहम्मद शामी ने पहले ही ओवर में ओपनर प्रभसिमरन सिंह को आउट कर अच्छी शुरुआत तो दी। लेकिन लखनऊ को आने वाले तूफान का अंदाजा नहीं था। प्रियांश आर्य और कूपर कनोली ने मिलकर चौकों और छक्कों की ऐसी बरसात की, जिसमें सुपरजायंट्स पूरी तरह डूब गए।
आर्य और कनोली ने दूसरे विकेट के लिए 182 रन जोड़े। आर्य ने कुल 37 गेंदों में 4 चौके और 9 छक्के लगाते हुए 93 रन बनाए। वहीं कनोली ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों व 7 छक्कों से सजी 87 रन की पारी खेली। उन्हें प्रिंस यादव ने 14वें ओवर में आउट किया। अगले ओवर में आर्य को मणिमारन सिद्धार्थ ने रोका। लेकिन तब तक ये दोनों बल्लेबाज पंजाब किंग्स को 187 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा चुके थे।
इन दोनों के तूफान के बाद मार्कस स्टॉयनिस (29 रन), नेहल वढेरा (13) और शशांक सिंह (17) ने टीम को 254/7 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
सभी गेंदबाज पड़े फीके
Punjab बनाम Lucknow 2026 मैच में मेहमान टीम की गेंदबाजी इतनी कमजोर भी नहीं थी। उनके पास अनुभवी मोहम्मद शामी और युवा सनसनी मोहसिन खान जैसे धुरंधर थे, लेकिन आर्य और कनोली ने सभी गेंदबाजों को जमकर धोया।
शामी ने जहां 4 ओवरों में 56 रन दिए, वहीं मोहसिन ने 4 ओवरों में 43 रन लुटाए। पंजाब के बल्लेबाजों को रोकने के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने ऐडन मारक्रम को भी आजमाया, लेकिन वे अपने 1 ही ओवर में 32 रन लुटा बैठे। दूसरे सबसे महंगे रहे आवेश खान, जिन्होंने कुल 3 ओवरों में 46 रन खर्च किए।
रनों की बरसात के बीच प्रिंस यादव थोड़े किफायती रहे। उन्होंने कुल 25 रन देकर दो विकेट झटके।
Punjab बनाम Lucknow 2026 मैच में ये भी रहे जीत के हीरो
वैसे तो पंजाब किंग्स के लिए जीत की नींव प्रियांश आर्य और कनोली ने रखी। लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने भी अपनी किफायती गेंदबाजी से जीत में अहम भूमिका निभाई। अर्शदीप सिंह ने जहां 1 विकेट के साथ 4 ओवरों में कुल 41 रन दिए। वहीं सब्स्टीट्यूट प्लेयर विजयकुमार विशाक ने 4 ओवरों में कुल 30 रन दिए।
मार्को येनसन और युजवेंद्र चहल ने भी विकेट चटकाने के साथ ही किफायती गेंदबाजी भी की। येनसन ने जहां 37 रन देकर 2 विकेट चटकाए, वहीं चहल ने 36 रन के खर्च पर एक विकेट झटका।
लखनऊ के बल्लेबाजों ने रन तो बनाए, लेकिन वे आर्य और कनोली जैसी रफ्तार से रन नहीं बटोर पाए। कप्तान पंत ने 43 और मारक्रम ने 42 रन की पारियां खेलीं। मुकुल चौधरी भी धीमे रहे। उन्होंने 17 गेंदों में कुल 21 रन बनाए। लखनऊ की टीम 20 ओवरों में कुल 200/5 का स्कोर ही बना सकी।
IPL 2026 में यह पंजाब किंग्स की लगातार पांचवी जीत है। पूरे टूर्नामेंट में वह एकमात्र ऐसी टीम है जो अब तक अजेय है। वहीं लखनऊ की यह लगातार तीसरी हार रही।
