| रैंक | खिलाड़ी | टीम | गेंदें | विपक्ष | वर्ष |
|---|---|---|---|---|---|
| 1 | डियेंड्रा डॉटिन | वेस्टइंडीज | 38 | दक्षिण अफ्रीका | 2010 |
| 2 | हरमनप्रीत कौर | भारत | 49 | न्यूजीलैंड | 2018 |
CIN डेस्क. क्रिकेट में तेज बल्लेबाजी की जब बात होती है तो हर बार पुरुष क्रिकेटरों के नाम ही आगे रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं महिला टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे तेज शतक (Fastest Century Women T20 World Cup History) किस बल्लेबाज ने लगाया है? आइए, जानते हैं इस रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से।
महिला टी20 विश्व कप की फास्टेस्ट सेंचुरी लगाई थी वेस्ट इंडीज की डियेंड्रा डॉटिन ने। इस कैरिबियाई खिलाड़ी ने 2010 के Women’s T20 WC में जो धुआंधार पारी खेली थी, उसे पीछे छोड़ने में पुरुषों के भी पसीने छूट गए। महिला क्रिकेट में आज भी यह रिकॉर्ड बरकरार है।
Fastest Century Women T20 World Cup: डियेंड्रा डॉटिन (वेस्ट इंडीज) – 38 गेंदों में शतक
तारीख थी 5 मई 2010। महिला टी20 विश्व कप 2010 के ग्रुप ए का पहला मुकाबला मेजबान वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच था। सेंट किट्स के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका की कप्तान क्रि-जेल्डा ब्रिट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। वह फैसला 10वें ओवर तक सही लग रहा था। वेस्ट इंडीज ने कुल 52 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। फिर क्रीज पर आईं डियेंड्रा डॉटिन।
तब महज 18 रन की रहीं डॉटिन ने चौके के साथ अपना खाता खोला। लगभग हर ओवर में वो बाउंड्री लगाकर टीम का स्कोर बढ़ाती रहीं। 14वें ओवर में उन्होंने तीन गेंदों में दो छक्के जमाए। यह तो उनके पावर शो का एक ट्रेलर था। असली खेल शुरू हुआ 17वें ओवर में। साउथ अफ्रीका की सी वान डेर वेस्टह्यूजेन का वो ओवर डॉटिन ने तूफानी बना दिया।
पहली गेंद – छक्का
दूसरी गेंद – छक्का
तीसरी गेंद – छक्का
चौथी गेंद – दो रन
पांचवीं गेंद – छक्का
आखिरी गेंद – 1 रन
एक ही ओवर में 27 रन बनाकर डॉटिन 54 रन के निजी स्कोर से 81 रन के स्कोर तक पहुंच गईं। 18वें ओवर में भी उन्होंने तीन गेंदों में 16 रन बनाए (4, 6, 6)। अब डॉटिन 99 रन के स्कोर पर आ गईं थीं।

19वें ओवर की पहली ही गेंद पर 2 रन लेकर उन्होंने महिला टी20 इतिहास की फास्टेस्ट सेंचुरी पूरी की। उस तूफानी सेंचुरी में डॉटिन ने 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के जमाए थे।
उस मैच में डॉटिन ने 45 गेंदों में 7 चौके व 9 छक्कों समेत 112 रन नाबाद बनाए थे। उनकी सेंचुरी के दम पर वेस्ट इंडीज ने 175/5 का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज 20 ओवरों में 158/4 का स्कोर ही बना सकी थीं। डॉटिन ने सेंचुरी के साथ ही एक विकेट भी झटका था।
इस रिकॉर्ड को टूटने में लगे 16 साल
डॉटिन द्वारा 2010 में बनाई सेंचुरी ओवरऑल महिला और पुरुष टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक थी। मैन्स टी20 क्रिकेट में इससे फास्ट सेंचुरी तो लगीं, लेकिन टी20 विश्व कप में नहीं लग पाईं।
साल 2026 में भारत में हुए मैन्स टी20 वर्ल्ड कप में फिन एलन ने डॉटिन का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने साउथ अफ्रीका के ही खिलाफ कोलकाता में हुए मुकाबले में कुल 33 गेंदों में सेंचुरी लगाई। एलेन ने अपनी नाबाद 100 रन की इनिंग में 8 चौके और 7 छक्के लगाए।
फिर आया हरमनप्रीत कौर (भारत) का तूफान – 49 गेंदों में शतक
Fastest centuries in Women’s T20 World Cup नंबर 2 आई 49 गेंदों में। यह तेज-तर्रार पारी खेली थी भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने। 2018 महिला टी20 विश्व कप के पहले ग्रुप बी मैच में इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से था। उस मुकाबले में भारतीय टीम के पहले तीन विकेट कुल 40 रन के योग पर गिर गए थे। ऐसे में कौर ने तूफानी सेंचुरी लगाकर अपनी टीम की नैय्या पार लगाई थी।
हरमनप्रीत ने शुरुआत धीमी रखी। पहली 12 गेंदों में उन्होंने कुल 5 रन बनाए। लेकिन 10वें ओवर से उन्होंने अपने गेयर बदले और मैच पलट दिया। जेस वाटकिन के उस ओवर में उन्होंने दो छक्के जमाए।

फिर 14वें ओवर में एक बार फिर कौर ने #Harmanator मोड ऑन कर दिया। उन्होंने उस ओवर में 2 छक्के और 1 चौका जमाया। उसके बाद लगभग हर ओवर में कौर ने 2-2 बाउंड्री लगाईं। पहले 5 रन 12 गेंदों में बनाने वाली हरमनप्रीत ने अगले 95 रन कुल 37 गेंदों में बना डाले।
20वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने महिला टी20 विश्व कप की दूसरी सबसे तेज सेंचुरी पूरी की। कौर ने 51 गेंदों में 7 चौके व 8 छक्के जमाते हुए 103 रन बनाए। उनकी बेहतरीन सेंचुरी के दम पर इंडिया ने कीवी टीम के सामने 195 रन की चुनौती रखी। जवाब में न्यूजीलैंड कुल 160/9 का स्कोर बना सकी और इंडिया ने मैच 34 रन से जीत लिया।
महिला टी20 विश्व कप की टॉप सेंचुरी ये रहीं-
| प्लेयर | रन | बॉल | 4/6 | बनाम | तारीख | वेन्यू |
|---|---|---|---|---|---|---|
| मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) | 126 | 65 | 18/4 | आयरलैंड | 27 मार्च 2014 | |
| डियेंड्रा डॉटिन (वेस्ट इंडीज) | 112* | 45 | 7/9 | साउथ अफ्रीका | 5 मई 2010 | |
| हेदर नाइट (इंग्लैंड) | 108* | 66 | 13/4 | थाईलैंड | 26 फरवरी 2020 | |
| हरमनप्रीत कौर (इंडिया) | 103 | 51 | 7/8 | न्यूजीलैंड | 9 नवंबर 2018 | |
| मुनीबा अली (पाकिस्तान) | 102 | 68 | 14/0 | आयरलैंड | 15 फरवरी 2023 | |
| लिज़ेल ली (सा. अफ्रीका) | 101 | 60 | 16/3 | थाईलैंड | 28 फरवरी 2020 | |
| सूज़ी बेट्स (न्यूजीलैंड) | 94* | 61 | 8/2 | पाकिस्तान | 27 मार्च 2014 | |
| डी वॉन निकर्क (सा. अफ्रीका) | 90* | 66 | 13/1 | पाकिस्तान | 23 मार्च 2014 | |
| एलीस विलानी (ऑस्ट्रेलिया) | 90* | 54 | 6/5 | पाकिस्तान | 29 मार्च 2014 | |
| एमी वॉटकिंस (न्यूजीलैंड) | 89* | 58 | 10/2 | इंडिया | 18 जून 2009 | |
| स्मृति मंधाना (इंडिया) | 87 | 56 | 9/3 | आयरलैंड | 20 फरवरी 2023 |
महिला विश्व कप के सभी रिकॉर्ड्स जानने के लिए क्लिक करें –
FAQs
महिला टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक किसने लगाया?
वेस्ट इंडीज की डियेंड्रा डॉटिन। 2010 के टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने कुल 38 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी।
Womens T20 World Cup में सेंचुरी लगाने वाली एकमात्र इंडियन कौन हैं?
हरमनप्रीत कौर। साल 2018 के टी20 विश्व कप में कौर ने 103 रन की पारी खेली थी। यह इस टूर्नामेंट की दूसरी फास्टेस्ट सेंचुरी भी रही। कौर ने 49 गेंदों में शतक पूरा किया था।
