WT20 World Cup 2026 India vs Ned: एक जीत और 3 धांसू रिकॉर्ड, ऐसे छा गई टीम इंडिया

लीड्स. WT20 World Cup 2026 India vs Ned मुकाबले में भारतीय टीम ने 95 रन से जीत दर्ज की। इस धमाकेदार जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप 1 की Points Table में शीर्ष पर पहुंच गईं। 74 रन की पारी खेलने वाली स्मृति मंधाना प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। इस जीत में टीम इंडिया ने तीन सुपर रिकॉर्ड भी बनाए। आइए, उन रिकॉर्ड्स को डीटेल में जानते हैं।

टीम इंडिया 200+ का स्कोर बनाने वाली पहली एशियाई टीम

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 209/5 का स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी महिला टी20 विश्व कप में 200 से अधिक रन का स्कोर बनाने वाली पहली एशियाई टीम बन गई। यही नहीं, हमारी टीम यह कारनामा करने वाली दुनिया की महज दूसरी टीम भी बनी।

Women’s T20 World Cup में अब तक 200+ का स्कोर सिर्फ एक टीम ने बनाया था – इंग्लैंड। सबसे पहले 21 फरवरी 2023 को इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ केप टाउन में 213/5 का स्कोर बनाया था। उसके बाद 2026 में मौजूदा टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड ने 219/1 का विशाल स्कोर बनाया।

मंधाना की हाफ सेंचुरी के दम पर इंडिया महिला टी20 विश्व कप में 200 रन के स्कोर का बैरियर भी तोड़ दिया। इससे पहले इंडिया का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 194/5 का था। यह इंडिया ने 2018 टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था।

महिला टी20 विश्व कप के टॉप टीम स्कोर ये रहे-

  • इंग्लैंड – 219/1
  • इंग्लैंड – 213/5
  • इंडिया – 209/5
  • साउथ अफ्रीका – 195/3
  • इंडिया – 194/5

पूरी लिस्ट के लिए यहां क्लिक करें

95 रन से जीत, महिला टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत

लीड्स में हुए इस ग्रुप मुकाबले में इंडिया ने नीदरलैंड्स को 95 रन से हराया। महिला टी20 विश्व कप में यह भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत रही। ओवरऑल महिला टी20 वर्ल्ड कप में यह छठवीं सबसे बड़ी जीत है।

भारतीय टीम द्वारा बनाए 209/5 के जवाब में नीदरलैंड्स की पूरी टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत में श्री चरणी ने 19 रन देकर 4 विकेट झटके। शफाली वर्मा ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। नंदिनी शर्मा ने 2 और दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट लिया।

टीम इंडिया ने 2024 महिला टी20 विश्व कप में बनाए 82 रन से जीत के रिकॉर्ड को बेहतर किया। इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी (रनों के अंतर से) जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लिश टीम ने 21 फरवरी 2023 को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 114 रन से जीत दर्ज की थी।

Women’s T20 WC में 5 सबसे बड़ी जीत ये रहीं-

  • इंग्लैंड – 114 रन
  • द. अफ्रीका – 113 रन
  • न्यूजीलैंड – 102 रन
  • इंग्लैंड – 98 रन
  • ऑस्ट्रेलिया – 97 रन

पूरी लिस्ट के लिए यहां क्लिक करें

दीप्ति शर्मा बनीं वर्ल्ड नंबर 1 टी20 गेंदबाज

महिला विश्व कप 2026 में भारतीय गेंदबाज दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन भी शानदार है। महज 2 मैचों में 6 विकेट लेकर वे वर्ल्ड की नंबर 1 महिला टी20 गेंदबाज बन चुकी हैं।

दीप्ति ने 146 टी20 इंटरनेशनल में 19.46 के औसत से 167 विकेट झटके हैं। दूसरे नंबर पर थाइलैंड की टी पुत्थावॉन्ग का नाम है, जिन्होंने 165 विकेट चटकाए हैं।

मैन्स और वीमंस टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो दीप्ति महज राशिद खान से पीछे हैं। राशिद के टी20I में 193 विकेट हैं। मैन्स क्रिकेट में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के इश सोढी का नाम है, जिन्होंने 165 विकेट लिए हैं, दीप्ति से दो कम।

महिला टी20I में सर्वाधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी ये रहीं-

  • दीप्ति शर्मा (इंडिया) – 167
  • टी पुत्थावॉन्ग (थाइलैंड) – 165
  • एच आइशिम्वे (रवांडा) – 161
  • मेगन शट (ऑस्ट्रेलिया) – 152
  • सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड) – 149

रिकॉर्ड का सोर्स – cricinfo

ऐसा रोमांचक रहा WT20 World Cup 2026 India vs Ned मैच

नीदरलैंड्स की कप्तान बाबेट डी लीडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। लेकिन शायद उन्हें भारतीय ओपनर्स के हुनर का अंदाजा नहीं था। स्मृति मंधाना और शफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की।

शफाली ने जहां 38 गेंदों में 10 चौके लगाते हुए 55 रन बनाए। वहीं मंधाना ने कुल 47 गेंदों में 74 रन ठोके। उनकी इस पारी में 11 चौके व 1 छक्का शामिल रहा। शफाली के आउट होने के बाद जेमिमा रॉड्रिग्स ने कुल 13 गेंदों में 19 रन बनाए। 16 ओवर खत्म होने तक इंडिया ने 162 रन बना लिए थे। लेकिन फिर टीम को तीन झटके लगे।

पहले मंधाना डी लैंग के हाथों आउट हुईं। अगली ही गेंद पर जेमिमा ने भी अपना विकेट गंवा दिया। अभी टीम के स्कोर में 6 रन ही जुड़े थे कि नई बल्लेबाज यस्तिका भाटिया भी आउट हो गईं। फिर ऋचा घोष ने तेज खेलकर टीम को 200 रन के करीब पहुंचाया। उन्होंने कुल 8 गेंदों में 1 चौके व 2 छक्कों की मदद से नाबाद 20 रन बनाए।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) ने भी तेज खेलने की कोशिश की। लेकिन वो ज्विलिंग के हाथों आउट हो गईं। अब इंडिया का स्कोर था 199/5 और गेंदें बची थीं सिर्फ 2।

दीप्ति शर्मा ने क्रीज पर आते ही छक्का जमाया। इसके साथ ही इंडिया ने 200 का जादुई आंकड़ा पार कर लिया। फिर इनिंग की लास्ट बॉल पर चौका लगाकर उन्होंने टीम को 209/5 के स्कोर तक पहुंचाया।

अब बारी थी गेंदबाजों के कमाल दिखाने की। नीदरलैंड्स की बल्लेबाज भारतीय स्पिनर्स के आगे बेअसर साबित हुईं। नीदरलैंड्स ने 4.2 ओवरों में 34 रन बना लिए थे। लेकिन फिर नंदिनी शर्मा ने ओपनर सीगर्स को आउट कर दिया।

Shree Charni India vs Ned

अभी भी नीदरलैंड्स की टीम घबराई नहीं थी। दूसरी ओपनर फीबी मॉल्केनबोर ने 15 रन बनाए और कप्तान लीडा ने 3 चौकों से सजी 28 रन की पारी खेली। स्टेर कैलिस ने भी 13 गेंदों में 18 रन बनाए। लेकिन 14वें ओवर के बाद पारी बिखरना शुरू हो गई।

नंदिनी ने कप्तान लीडा को चलता किया। इसके बाद आया श्री चरणी का बेहतरीन स्पेल। 15वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने राइका को आउट किया। उसके बाद 17वें ओवर में चारणी ने 3 विकेट चटकाए। इसी ओवर में वो हैट्रिक के करीब पहुंचीं, लेकिन चूक गईं।

18वें ओवर में शफाली वर्मा ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को 114 रन पर समेट दिया।

पॉइंट्स टेबल में टॉप पर इंडिया

इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ग्रुप 1 में टॉप पर पहुंच गई। 2 मैच जीतने के बाद टीम 4 अंकों और 3.975 के नेट रन रेट के साथ नंबर 1 पर है। ऑस्ट्रेलिया के भी 4 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट की वजह से वह दूसरे स्थान पर है।

17 जून को पाकिस्तान का सामना साउथ अफ्रीका से हुआ। पाकिस्तान ने 126/9 का स्कोर बनाया। जवाब में सा. अफ्रीका ने 2 विकेट हाथ में रहते 127 का टारगेट हासिल कर लिया। 52 रन का पारी खेलने वाली एनीरी डर्कसन प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

पूरी पॉइंट्स टेबल देखने के लिए यहां क्लिक करें

Monika Srivastava
Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Articles: 164