CricIndiaNow

क्रिकेट न्यूज से क्रिकेट रिकॉर्ड, मैच एनालिसिस, क्रिकेट क्विज और गॉसिप एक प्लेटफॉर्म पर।

Punjab Kings Playoff Chances 2026: क्या MI ने बिगाड़ दिया PBKS का खेल?

धर्मशाला. आईपीएल के 58वें मैच में मुंबई इंडियंस ने मेजबान पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया। 14 मई को हुआ मुकाबला कुछ वैसा ही लग रहा था जैसा कि अक्सर चुनावों का नजारा होता है। इंडिपेंडेंट कैंडिडेट जीतते तो नहीं हैं, लेकिन कुछ वोट बटोर कर किसी बड़ी पार्टी का समीकरण बिगाड़ देते हैं। तो क्या इस हार ने Punjab Kings Playoff Chances 2026 खराब कर दिए? आइए, जानते हैं पूरा समीकरण।

मैच समरी

पंजाब किंग्स – 200/8
प्रभसिमरन सिंह – 57 रन, अजमतुल्लाह ओमरजाई – 38 रन
मुंबई इंडियंस – 205/4 (19.5 ओवर)
तिलक वर्मा – 75* रन, रायन रिकल्टन – 48 रन

अच्छी शुरुआत के बाद फिसले पंजाब किंग्स

श्रेयस अय्यर की टीम ने शुरुआत सॉलिड की। ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन ने 5.3 ओवरों में पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़ लिए थे। लेकिन छठवें ओवर में दीपक चाहर ने आर्य को क्लीन बोल्ड कर दिया। वे कुल 22 रन ही बना सके।

प्रभसिमरन ने 32 गेंदों में 57 रन जरूर बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही मामला बिगड़ गया। पंजाब किंग्स को पटरी से उतारा शार्दुल ठाकुर ने। उन्होंने पहले प्रभसिमरन को आउट किया। उसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर को कुल 4 रन के निजी स्कोर पर चलता किया।

यही नहीं, पंजाब का मिडिल ऑर्डर भी बुरी तरह से फेल रहा। सूर्यांश शेडगे 8 और शशांक सिंह कुल 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कूपर कॉनोली ने 21 रन जरूर बनाए, लेकिन दूसरे छोर से गिरते विकेटों ने रनों की रफ्तार बेहद धीमी कर दी।

अगर अजमतुल्लाह 38 रन की तेज पारी न खेलते, तो पंजाब किंग्स 160 रन तक ही सिमट जाती। पुछल्ले बल्लेबाज विष्णु विनोद (15) और जेवियर बार्टलेट (18) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं और पंजाब को 200/8 के स्कोर तक पहुंचाया।

तिलक वर्मा की आंधी में उड़ी पंजाब की गेंदबाजी

ऐसा नहीं था कि 201 रन का टारगेट बचाया न जा सके। बीते 12 मई को गुजरात टाइटन्स ने 168 रन का स्कोर डिफेंड किया था। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को महज 86 रन के स्कोर पर ऑलआउट किया था। लेकिन पंजाब की गेंदबाजी ऐसा कुछ नहीं कर पाई।

Punjab Kings Playoff Chances 2026 को मुश्किल बनाया तिलक वर्मा ने। जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। रायन रिकल्टन और रोहित शर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। रिकल्टन ने 48 रन बनाए।

नमन धीर के सस्ते में आउट होने के बाद लगा PBKS गुजरात जैसा करनामा करेगी। लेकिन तिलक वर्मा ने मैच पलट दिया। उन्होंने कुल 33 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के लगाते हुए नाबाद 75 रन बनाए।

दूसरे छोर से शेरफेन रदरफर्ड (20) और विल जैक्स (10 गेंदों में 25 रन) ने भी तिलक को सपोर्ट दिया। 201 रन के स्कोर को MI ने एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। यह पंजाब की लगातार पांचवीं हार रही। तो क्या अब पंजाब किंग्स प्लेऑफ में पहुंच पाएगी?

Punjab Kings Playoff Chances 2026: अब क्या होगा?

पंजाब किंग्स ने इस सीजन में धमाकेदार शुरुआत की थी। वे लगातार 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गए थे। ऐसा लग रहा था कि इतिहास में पहली बार पंजाब किंग्स चैंपियन बनेगी। 2025 सीजन में भी वो फाइनल तक पहुंची थी। लेकिन लगातार 5 मैचों में हार से उसके अंतिम चार में पहुंचने के चांस कम हो गए।

PBKS 12 मैच खेलने के बाद 13 पॉइंट्स के साथ चौथे पायदान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। लेकिन ये दोनों मैच इतने आसान नहीं होंगे।

पंजाब रविवार 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से टकराएगी। RCB पॉइंट्स टेबल में 16 अंकों के साथ टॉप पर है। लेकिन वे अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेंगे। विराट कोहली केकेआर के खिलाफ सेंचुरी लगाकर लय में लौट आए हैं। और बेंगलुरु के बॉलर भुवनेश्वर कुमार भी बेहतरीन फॉर्म में हैं। ऐसे में बेंगलुरु से जीतना टेढ़ी खीर साबित हो सकता है।

PBKS का अंतिम मैच लखनऊ सुपरजायंट्स से 23 मई को होगा। यह मुकाबला आसान माना जा सकता है, लेकिन लखनऊ को कम आंकना पंजाब के लिए खतरा साबित हो सकता है।

यदि पंजाब इनमें से एक भी मैच हारती है तो उसे नेट रन रेट पर निर्भर होना पड़ेगा। टॉप 4 में RCB और GT साफ नज़र आते हैं। शेष दो स्पॉट्स के लिए पंजाब किंग्स को हैदराबाद, चेन्नई और राजस्थान की टीमों से रेस लगानी होगी। इनमें CSK और RR के अभी 3-3 मैच बाकी हैं।

अब पंजाब के लिए हर मैच करो या मरो जैसा होगा। एक और हार उन्हें प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर कर सकती है।

Avatar

Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top