CricIndiaNow

क्रिकेट न्यूज से क्रिकेट रिकॉर्ड, मैच एनालिसिस, क्रिकेट क्विज और गॉसिप एक प्लेटफॉर्म पर।

IPL 2026 Match 56: GT की धमाकेदार जीत, पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचाने वाले बने ये 2 सुपरहीरो

अहमदाबाद. 0, 6, 11 और 9। कुछ ऐसा था सनराइजर्स हैदराबाद के बैटिंग टॉप ऑर्डर का स्कोर। गुजरात टायटन्स ने मंगलवार रात IPL 2026 Match 56 में हैदराबाद को रिकॉर्ड 82 रन से हराया। इस जीत के साथ ही GT आईपीएल पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 की पोजीशन पर पहुंच गई। इस रिकॉर्ड जीत के दो हीरो रहे। आइए, जानते हैं पूरी डीटेल्स।

GT vs SRH मैच समरी

GT: 168/5
साईं सुदर्शन – 61 रन, वाशिंग्टन सुंदर – 50 रन
SRH: 86/10 (14.5 ओवर)
पैट कमिंस – 19 रन
कगीसो रबाडा – 3/28, जेसन होल्डर – 3/20

गुजरात की जीत के सुपरहीरो – कगीसो रबाडा

अहमदाबाद के मैदान पर मेजबान टीम ने 20 ओवरों में कुल 168 रन बनाए। जिस टूर्नामेंट में 200+ रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं, वहां ऐसा लग रहा था कि हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन जैसे धुरंधरों से सजी हैदराबाद टीम इस टारगेट को आसानी से हासिल कर लेगी। लेकिन मैदान पर जो हुआ, वह हैरान करने वाला था।

पहले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने ओपनर ट्रेविस हेड को चलता किया। वे खाता तक नहीं खोल पाए। अभी सनराइजर्स की टीम संभली ही थी कि कगीसो रबाडा ने उनके टॉप ऑर्डर को ढेर कर दिया।

इनिंग के दूसरे ही ओवर में रबाडा ने अभिषेक शर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया। वे कुल 6 रन ही बना सके। फिर अपने अगले ओवर की पहली ही गेंद पर रबाडा ने किशन को भी आउट कर दिया। वे महज 11 रन ही बना सके थे।

IPL 2026 match 56

अब हैदराबाद का स्कोर था 23/3। रबाडा यहीं नहीं रुके। कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें एक और ओवर करवा दिया। अपने तीसरे ओवर में रबाडा ने नए बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरन को चलता किया।

कगीसो रबाडा ने तीनों टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को सस्ते में आउट कर जीत की नींव रखी। यही नहीं, उन्होंने 4 ओवरों में कुल 28 रन खर्च किए। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लेकिन रबाडा अकेले जीत के हीरो नहीं थे।

जेसन होल्डर ने मिडिल ऑर्डर समेटा

ऐसा नहीं था कि टॉप ऑर्डर सस्ते में आउट होने के बाद हैदराबाद वापसी नहीं कर सकती थी। उसके पास ऑरेंज कैप होल्डर हेनरिक क्लासेन और सलिल अरोड़ा जैसे बल्लेबाज थे।

IPL 2026 Match 56 में शुरुआती विकेट गिरने के बाद क्लासेन संभलकर खेल रहे थे। उन्होंने 16 गेंदों में कुल 14 रन बनाए थे। अरोड़ा ने तीन चौके लगाकर तेजी से रन बटोरने की कोशिश की, लेकिन वे अधिक देर नहीं टिक सके। 10वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें चलता किया।

अब बारी थी जेसन होल्डर के प्रहार की। उन्होंने 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर क्लासेन का कीमती विकेट लिया। इस विकेट के साथ ही हैदराबाद की सारी उम्मीदें भी खत्म हो गईं।

होल्डर ने कुल 20 रन देकर 3 विकेट झटके। उनकी किफायती गेंदबाजी ने सनराइजर्स हैदराबाद को कुल 14.5 ओवरों में 86 रन पर ऑलआउट कर दिया। यह गुजरात टायटन्स की रिकॉर्ड जीत रही।

IPL में GT की सबसे बड़ी जीत

गुजरात की टीम ने हैदराबाद को 82 रन से हराया। आईपीएल के इतिहास में यह GT की रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। इसी सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में गुजरात ने 77 रन से जीत दर्ज की थी। शुभमन गिल एंड कंपनी ने एक ही सीजन में अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर कर लिया

इस जीत के साथ ही गुजरात पॉइंट्स टेबल में 16 अंकों के साथ टॉप पर आ गई। उसने RCB और SRH को पीछे छोड़ दिया।

IPL में GT की 5 सबसे बड़ी जीत ये रहीं –

82 रन – बनाम SRH – 12 मई 2026

77 रन – बनाम RR – 9 मई 2026

62 रन – बनाम MI – 26 मई 2023

62 रन – बनाम LSG – 10 मई 2022

58 रन – बनाम RR – 9 अप्रैल 2025

IPL 2026 Match 56 के बाद अपडेटेड पॉइंट्स टेबल जानने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Avatar

Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top