RCB vs DC Match के पहले 4 ओवरों में ऐसा क्या हुआ कि IPL इतिहास बदल गया?

नई दिल्ली. अरुण जेटली स्टेडियम में एक बार फिर इतिहास बना, लेकिन इस बार बल्ले से नहीं—गेंद से। मौका था RCB vs DC Match। यह वही अरुण जेटली स्टेडियम का मैदान था जहां कुछ दिन पहले केएल राहुल ने 152* रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी। यहीं पर पंजाब किंग्स ने 265 रन का टारगेट हासिल कर इतिहास रचा था। सोमवार 27 अप्रैल को भी एक नया इतिहास बना।

लेकिन इस बार कारनामा किया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाज जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने। इन दोनों ने मिलकर RCB vs DC Match के पहले 3.5 ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स के 6 विकेट गिरा दिए।

आईपीएल 2026 के 39वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीता। उनका पहले गेंदबाजी का फैसला पहले ही ओवर से सही साबित हो गया।

RCB vs DC Match के पहले 4 ओवरों का रोमांच

दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने ओपनिंग स्ट्राइक यंग साहिल परख को दी। लेकिन स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार ने मैच की महज दूसरी ही गेंद पर उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया।

दिल्ली का स्कोर – 0 रन, एक विकेट

पहले झटके के बाद लगा कि इन-फॉर्म बल्लेबाज केएल राहुल यहां भी मोर्चा संभाल लेंगे, लेकिन ये क्या? जॉश हेजलवुड ने अपनी शॉर्ट गेंद से उन्हें खराब शॉट खेलने पर मजबूर कर दिया। 141.4 किमी/घंटे की रफ्तार वाली गेंद पर राहुल अपना विकेट गंवा बैठे।

अगली ही गेंद पर नए बल्लेबाज समीर रिजवी भी अपना विकेट गंवा बैठे। विकेटकीपर जितेश शर्मा ने हेजलवुड की गेंद पर रिजवी का कैच लपकने में कोई गलती नहीं की।

दिल्ली का स्कोर – 2 रन, 3 विकेट

अब क्रीज पर थे ट्रिस्टन स्टब्स और पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ 91 रन बनाने वाले नितिश राणा। लेकिन भुवी अपने अगले वार के लिए तैयार थे। तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने स्टब्स को देवदत्त पड्डिक्कल के हाथों कैच करवा दिया।

अब क्रीज पर मोर्चा संभालने पहुंचे कप्तान अक्षर पटेल। लेकिन भुवनेश्वर ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। उसी ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर विकेट के पीछे लपक लिए गए। वे खाता तक नहीं खोल पाए।

दिल्ली का स्कोर – 7 रन, 5 विकेट

अभी आरसीबी के गेंदबाजों का टेरर खत्म नहीं हुआ था। चौथे ओवर में हेजलवुड ने राणा को चलता किया। उनका कैच भी पड्डिकल ने लपका।

Rcb vs DC match

स्कोर था – 8 रन, 6 विकेट

आईपीएल इतिहास में यह पहली बार था जब किसी टीम ने पावरप्ले में दहाई का आंकड़ा पार किए बिना 6 विकेट गंवा दिए।

कोहली-पड्डिकल ने 6.3 ओवरों में खत्म किया मैच

अभिषेक पोरेल (30 रन), डेविड मिलर (19 रन) और काइल जेमिसन (12) की छोटी पारियों की बदौलत डेल्ही कैपिटल्स ने 75 रन का स्कोर बनाया। उनकी पूरी टीम 16.3 ओवरों में ऑलआउट हुई।

मैन ऑफ द मैच जॉश हेजलवुड ने 12 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने कुल 5 रन देकर 3 बल्लेबाजों को चलता किया। रसिख सलाम, सुयश शर्मा और क्रुणाल पंड्या को 1-1 विकेट मिले।

कुल 76 रन का पीछा करने उतरी बेंगलुरु के लिए पिच जैसे पूरी तरह से बदल गई। एक ओर जहां दिल्ली के बल्लेबाज टिक तक नहीं पा रहे थे। वहीं आरसीबी के ओपनर जैकब बैथेल और कोहली को गेंद फुटबॉल जैसी नजर आ रही थी।

बैथेल ने 11 गेंदों में 20 रन बनाए। वहीं देवदत्त पड्डिकल ने 3 चौकों व 3 छक्कों से सजी 34 रन की नॉटआउट पारी खेली। 15 गेंदों में 23 रन बनाने वाले विराट कोहली ने लगातार दो छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

इस जीत के साथ ही बेंगलुरु ने पॉइंट्स टेबल में अपनी सेकंड रैंक और मजबूत कर ली।

बना IPL 2026 का सबसे छोटा स्कोर

दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले में आईपीएल 2026 का सबसे छोटा स्कोर बनाया। 2023 के बाद यह पहला मौका था जब कोई टीम 80 रन से पहले ऑलआउट हो गई। इससे पहले 14 मई 2023 को राजस्थान रॉयल्स की टीम RCB के ही खिलाफ मुकाबले में 59 रन पर ढेर हुई थी।

दिल्ली की टीम का भी यह तीसरा सबसे कम स्कोर रहा। 2026 में RCB vs DC match से पहले दिल्ली 6 मई 2017 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 66 रन पर ऑलआउट हुई थी। आईपीएल के सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड RCB के नाम है। बेंगलुरु की टीम 23 अप्रैल 2017 को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में 49 रन पर ऑलआउट हुई थी।

IPL के 5 सबसे कम स्कोर ये रहे –

RCB – 49 रन – बनाम कोलकाता – 23 अप्रैल 2017
RR – 58 रन – बनाम बेंगलुरु – 18 अप्रैल 2009
RR – 59 रन – बनाम बेंगलुरु – 14 मई 2023
Delhi – 66 रन – बनाम मुंबई – 6 मई 2017
KKR – 67 रन – बनाम मुंबई – 16 मई 2008

Monika Srivastava
Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Articles: 147