मुंबई. एक नज़र जरा MI vs SRH Match Highlights पर डालिए। 243 रन भी कम पड़ गए! मुंबई इंडियंस की इस हार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इस IPL में गेंदबाज़ों के लिए कोई जगह नहीं बची है।
ओपनर रायन रिकल्टन ने कुल 55 गेंदों में 123 रन बना डाले। मुंबई इंडियंस के इतिहास का सबसे तेज शतक था ये। कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी 15 गेंदों में 31 रन बनाकर अपनी टीम को 243/5 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नतीजा? सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 गेंदें शेष रहते इस टारगेट को हासिल कर लिया।
अब क्या जीत के लिए जान दे दें खिलाड़ी? इस हार का जिम्मेदार कौन, यह सोच-सोचकर एक्सपर्ट्स भी सिर खुजला रहे हैं। आखिर 243 का स्कोर बनाकर भी क्यों हार गई मुंबई इंडियंस की टीम?
MI vs SRH Match Highlights
- MI: 243/5 (20 ओवर)
- SRH: 249/4 (18.4 ओवर)
- रिजल्ट: हैदराबाद की टीम 6 विकेट से जीती
- टर्निंग पॉइंट: फिर से पावरप्ले (हैदराबाद – 92/0, मुंबई – 78/0)
मुंबई इंडियंस बनाम हैदराबाद मैच में क्या हुआ?
मुंबई इंडियंस अपने होम ग्राउंड पर बड़े कॉन्फिडेंस के साथ उतरी थी। ओपनर रायन रिकल्टन ने साथी विल जैक्स के साथ पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। पावरप्ले में जब इन दोनों ने हैदराबाद के गेंदबाजों की क्लास ली, ऐसा लगा आज तो मेजबान ही बाजी मारेगा।
जनाब, कुल 8 ओवरों में मुंबई ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। रिकल्टन तो जैसे रिकॉर्ड तोड़ने के मकसद से ही उतरे थे। उन्होंने कुल 44 गेंदों में सेंचुरी लगाकर मुंबई इंडियंस के इतिहास की फास्टेस्ट सेंचुरी लगाई। रिकल्टन ने सनथ जयसूर्या द्वारा साल 2008 में बनाए 45 गेंदों के शतक का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था।
आकाश अंबानी और सचिन तेंदुलकर (जो कि MI vs SRH Match के डगआउट में मौजूद थे), यह परफॉर्मेंस देखकर गदगद हो रहे थे। जैक्स ने भी 22 गेंदों में 46 रन बनाए थे, वहीं नमन धीर और कप्तान पंड्या ने भी तेज पारियां खेली थीं।
रिकल्टन 55 गेंदों में 10 चौके व 8 छक्कों से सजी 123 रन की नाबाद पारी खेलने के बाद उत्साहित दिख रहे थे। लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाज भी मॉन्स्टर मूड में थे।
मैच का टर्निंग पॉइंट क्या था?
सनराइजर्स के ओपनर अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने धुआंधार आगाज किया। ट्रेंट बाउल्ट की दूसरी ही गेंद पर अभिषेक ने जोरदार छक्का जड़ा। ऐसा लग रहा था जैसे वह छक्का नहीं, विजयरथ का शंखनाद था।
इनिंग के तीसरे ओवर में ट्रेविस हेड ने तीन छक्के जड़े। अगला ओवर और भी खतरनाक था। चौथा ओवर कुछ इस प्रकार से रहा –
4,0, 4, 1, 6, 4
पांचवें ओवर में मुंबई के पास हेड को आउट करने का मौका आया। अफगानिस्तान के घ़जनफर ने थोड़ा बाहर की ओर गेंद डाली। ट्रेविस हेड ने बैकवर्ड पॉइंट की तरफ शॉट खेला। नमन धीर कैच लपकने के लिए उछले, लेकिन पकड़ नहीं सके। हालांकि यह मुश्किल था, लेकिन तूफान को रोकने के लिए मुश्किल मौके लपकने ही पड़ते हैं।

पावरप्ले में हैदराबाद ने 92/0 का स्कोर बनाया। यहीं से साफ हो गया कि यह भी एक आसान रन चेज साबित होगा। और ऐसा ही हुआ। सातवें ओवर में पंड्या ने अश्वनी कुमार को उतारा, लेकिन यह पैंतरा भी फेल गया।
7वां ओवर – 1 वाइड, 4, 1, 6, 6, 4, 1
ट्रेविस हेड ने कुल 30 गेंदें खेलीं। और इन्हीं में उन्होंने 4 चौके और 8 छक्के बरसाते हुए 76 रन बनाए। अभिषेक ने भी 24 गेंदों में 45 रन बनाए।
9वें और 10वें ओवर में मुंबई ट्रैक पर लौटती दिखी। सबसे पहले घज़नफ़र ने अभिषेक और नए बैट्समैन इशान किशन को एक ही ओवर में आउट किया। फिर कप्तान पंड्या ने हेड को पवेलियन की राह दिखाई। लेकिन असली टेरर तो अभी बाकी था।
हेनरिक क्लासेन, नितिश रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने जैसे मुंबई को बिखेरकर रख दिया। रेड्डी ने 17 गेंदों में 21 रन बनाए।
असली खेल क्लासेन ने खेला। उन्होंने कुल 30 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्के लगाते हुए नाबाद 65 रन बनाए। वहीं, सलिल ने कुल 10 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के लगाकर 30 रन बनाए।
19वां ओवर सलिल के नाम रहा। उन्होंने कुछ ऐसे हैदराबाद को जीत दिलाई-
4, 6, 0, 6, अंतिम 2 गेंदों की बारी ही नहीं आई।
हार की सबसे बड़ी वजह?
मुंबई आखिर क्यों हारी? इसका जवाब आसान नहीं है। उसके ओपनर्स ने मजबूत शुरुआत दी। मिडिल ऑर्डर ने तेज खेला और स्कोर 240+ तक पहुंचाया। अगर कहें कि गेंदबाजी खराब थी, तो यह सरासर नाइंसाफी होगी।
अगर बारीकी से देखा जाए तो इस हाई-स्कोरिंग सीजन को देखते हुए, मुंबई से एक भयानक गलती हुई। वह थी – अच्छी शुरुआत के बाद धीमा पड़ जाना।
मुंबई ने 7.4 ओवरों में 100 रन पूरे कर लिए थे। यानी, इस स्टेज तक रन रेट 13.5 का था। यही नहीं, 16वें ओवर तक मुंबई ने 200 रन का आंकड़ा छू लिया था। लेकिन लास्ट 4 ओवरों में वे कुल 42 रन ही बना सके।
यदि MI के बैट्समैन इस मोमेंटम को जारी रखते तो वे 280+ का स्कोर खड़ा कर सकते थे। लेकिन वे जैसे उस कहानी के खरगोश बन गए जो फिनिशिंग लाइन पार करने से पहले सो जाता है। यही गलती उन्हें भारी पड़ी।
जसप्रीत बुमराह का फेल होना भी है कारण
मुंबई के बॉलिंग अटैक की नींव हैं जसप्रीत बुमराह। लेकिन उनका लगातार फेल होना इस सीजन में MI को परेशानी में डाल रहा है। MI vs SRH Match में भी बुमराह न तो विकेट ले पाए, न ही किफायती गेंदबाजी कर सके।
बीते 20 अप्रैल को हुआ MI vs GT मुकाबला याद है? उस मैच में बुमराह ने पहली ही गेंद पर विकेट चटकाया था। उस एक विकेट ने मुंबई के पूरे बॉलिंग अटैक में जैसे जान फूंक दी थी। हैदराबाद के खिलाफ 2 ओवरों में 40 रन लुटाने वाले अश्वनी कुमार ने उस मैच में 4 विकेट झटके थे।
मुंबई ने वह मैच कुल 199 रन का स्कोर बनाने के बावजूद 99 रन से जीता था।
वैसे तो मुंबई के प्लेऑफ में पहुंचने के चांस न के बराबर हैं। लेकिन यदि 5 बार की चैंपियन MI पॉइंट्स टेबल में बेहतर फिनिश करना चाहती है तो उसे हर हाल में बॉलिंग में खुद को सुधारना होगा। आपको क्या लगता है?
