CricIndiaNow

क्रिकेट न्यूज से क्रिकेट रिकॉर्ड, मैच एनालिसिस, क्रिकेट क्विज और गॉसिप एक प्लेटफॉर्म पर।

LSG vs MI match: रोहित शर्मा का रिकॉर्ड कमबैक, लखनऊ 228 बनाकर भी हारी

मुंबई. MI के हर मैच से पहले सिर्फ एक सवाल रहता था – क्या आज रोहित शर्मा खेलेंगे? 4 मई को हुए LSG vs MI match में इसका जवाब मिल गया। भले ही मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर है, लेकिन अपने स्टार को दनादन रन बनाते देख फैन्स का मन खुश हो गया। हो भी क्यों न? लगभग एक महीने बाद खेल रहे रोहित ने कुल 44 गेंदों में 84 रन की पारी जो खेली। क्या हुआ पूरे मैच में? आइए, जानते हैं…

LSG vs MI – IPL 2026
LSG
228/5
VS
MI
229/4
Result: MI won by 6 wickets

कैसी रही लखनऊ टीम की इनिंग?

लखनऊ सुपरजायंट्स के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में जमकर रन बटोरे। पहला विकेट (जॉश इंग्लिस – 13 रन) जल्दी गंवाने के बाद मिशेल मार्श और निकोलस पूरन ने मोर्चा संभाला।

पूरन ने महज 21 गेंदों में 1 चौके और 8 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। दूसरे एंड से मार्श ने भी 4 चौकों व 3 छक्कों से सजी 44 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 94 रन की पार्टनरशिप की।

कप्तान ऋषभ पंत (15 रन) के सस्ते में आउट होने के बाद एडन मारक्रम और हिम्मत सिंह ने पावर दिखाया। मारक्रम ने जहां 25 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए। वहीं हिम्मत 40 रन बनाकर नॉटआउट रहे। 20 ओवरों में LSG ने 228/5 का स्कोर बनाया।

डेब्यू बल्लेबाज ने लगाया पहली गेंद पर छक्का

लखनऊ की बल्लेबाजी में एक शानदार मूमेंट भी आया। आईपीएल करियर का पहला मैच खेल रहे अक्षत रघुवंशी ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। कमाल की बात देखिए, रघुवंशी के आइडल हैं रोहित शर्मा। उन्हीं की टीम के खिलाफ रघुवंशी ने डेब्यू किया।

हालांकि वे अधिक देर तक नहीं टिक सके। वे कुल 11 रन बनाकर आउट हुए।

रोहित शर्मा और रिकल्टन ने रन चेज से रचा इतिहास

12 अप्रैल के बाद से रोहित शर्मा मुंबई टीम से बाहर थे। उनकी चोट ने उन्हें रोककर रखा था। लेकिन जब वो उतरे, उनके बल्ले ने मिस हुए मैचों की सारी कसर निकाल दी।

रोहित ने शुरुआत धीमी की। पहले 2 ओवरों में उन्होंने कुल 6 रन बनाए थे, लेकिन तीसरे ओवर में वे जमकर बरसे। मोहम्मद शमी के ओवर में उन्होंने 2 छक्के लगाए। दूसरे छोर से रिकल्टन तेज बल्लेबाजी कर रहे थे। कुल 9 गेंदों में वे 22 रन बना चुके थे। लेकिन असली खेल तो छठवें ओवर में हुआ।

LSG vs MI match

 

आवेश खान के उस ओवर में रोहित ने लगातार गेंदों पर 2 चौके और फिर 2 छक्के लगाए। फिर अगले ओवर में भी उन्होंने एक छक्का लगाया। उन्होंने कुल 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।

दूसरे एंड से रिकल्टन भी लय में थे। उन्होंने कुल 22 गेंदों में पचासा पूरा किया।

रोहित और रिकल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी हुई। यही नहीं, 11वें ओवर में रिकल्टन के आउट होने के बाद भी हिटमैन ने अपना पावरप्ले जारी रखा।

14वां ओवर खत्म होने तक रोहित ने मुंबई को 177/2 के आरामदायक स्कोर तक पहुंचा दिया। अब तो 229 रन का स्कोर बहुत छोटा दिख रहा था।

LSG vs MI match में बने ये रिकॉर्ड

  • MI का सबसे बड़ा रन चेज (229/4)
  • मुंबई इंडियंस ने 7वीं बार 200+ का टारगेट पूरा किया
  • LSG आईपीएल इतिहास में चौथी बार 200+ रन बनाकर भी हारी
  • 228/5 – हारे हुए मैच में लखनऊ का सबसे बड़ा स्कोर बना

रोहित ने बनाया छक्कों का पर्सनल रिकॉर्ड

इसे कहते हैं कमबैक। रोहित शर्मा ने चोट के बाद जो वापसी की, उसे दुनिया देखती रह गई। उन्होंने सिर्फ पचासा नहीं बनाया, बल्कि एक आईपीएल इनिंग में सर्वाधिक छक्के लगाने का पर्सनल रिकॉर्ड भी बेहतर किया।

LSG vs MI match में रोहित ने कुल 7 छक्के लगाए। इससे पहले उन्होंने 29 अप्रैल 2013 को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मैच में 79* रन की पारी के दौरान 6 छक्के लगाए थे।

हालांकि टी-20 की एक पारी में वे 10 छक्के भी लगा चुके हैं। यह कारनामा उन्होंने 22 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के खिलाफ इंदौर T20I में किया था। उस मैच में रोहित ने 12 चौकों व 10 छक्कों की मदद से 118 रन बनाए थे।

रोहित शर्मा अपनी फार्म लेकर लौटे हैं। वैसे तो मुंबई के अब कुल 4 मैच और बाकी हैं। ऐसे में प्लेऑफ की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है। लेकिन क्रिकेट में कुछ भी पॉसिबल है। मुंबई के फैन्स को उम्मीद रहेगी कि उनकी टीम अगले सभी मैच जीते और पॉइंट्स टेबल पर बेहतर फिनिश करे।

 

कौन जीता LSG vs MI match?

4 मई 2026 को हुए इस मैच को मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से जीता।

रोहित शर्मा ने आईपीएल करियर में कितने छक्के लगाए हैं?

रोहित शर्मा ने आईपीएल में खेली 272 पारियों में 317 छक्के लगाए हैं।

Avatar

Monika Srivastava

मीडिया इंडस्ट्री में 10+ वर्षों का अनुभव रखने वाली मोनिका ने प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम किया है। स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, ट्रेंडिंग क्रिकेट स्टोरीज़, मैच एनालिसिस और रिकॉर्ड्स आधारित कंटेंट उनकी खास पहचान है। वे Dainik Bhaskar के डिजिटल स्पोर्ट्स सेक्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स कंटेंट की ग्रोथ और कंटेंट प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top